सीहोर जिले के महुकलां गांव में बिजली कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विद्युतकर्मी खंभे पर जफंर बांधने चढ़ा था, लेकिन इसी दौरान किसी ने लाइन चालू कर दी और विद्युतकर्मी करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
जानकारी के अनुसार सीहोर के महुकलां में बिजली कर्मचारी कुमार बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद खंभे पर चढ़कर जंफर बांध रहा था। इसी दौरान बिजली सप्लाई किसी ने चालू करा दी और करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग द्वारा कोई मेंटेनेंस किया जाता है तो उस क्षेत्र में परमिट लेकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। ग्राम महुकलां में भी ऐसा ही किया गया था, लेकिन अचानक लाइन चालू कर दी गई। जिस कारण बिजली कर्मचारी की मौत हो गई। इस संबंध में डीई जीएस पटेल का कहना है कि हादसे में लाइनमैन के सहायक की मृत्यु हुई है। जांच क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर को सौंपी गई है।