फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budhni Bypoll 2024: रमाकांत भार्गव ने दाखिल किया नामांकन, सीएम मोहन और शिवराज समेत कई दिग्गज हुए शामिल

Fri, 25 Oct 2024 08:04 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के बुधनी में हो रहे उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान सीएम मोहन यादव सहित कई दिग्गज शामिल हुए।
विज्ञापन
रमाकांत भार्गव के नामांकन दाखिल के दौरान दिग्गज नेता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को बुधनी के दशहरा मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रोड शो किया एवं बुधनी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव का नामांकन पत्र दाखिल कराया। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री  डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह से गंगा जी हिमालय से निकलकर लगातार आगे बढ़ती गई हैं, उसी तरह से मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए पार्टी की विजय यात्रा बुधनी विधानसभा से निकली है और लगातार आगे बढ़ रही है।

विज्ञापन


सीएम ने कहा, एक या दो चुनाव नहीं, भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव जीत रही है और कांग्रेस की लगातार बैंड बज रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में हमने जीत का रिकॉर्ड बनाया और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में तो मध्यप्रदेश में भाजपा सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में अच्छा खासा चलता हुआ नल भी बंद हो जाता था। हमारी सरकार ने चौतरफा विकास किया। स्कूल कॉलेज खोले गए, नल-जल योजना सहित अधोसंरचना से जुड़े अन्य काम हुए।

विज्ञापन


शिवराज ने विकसित राज्य बनाया, मोहन स्वर्णिम मध्यप्रदेश बना रहे : विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के बाद भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्रियों ने लगातार विकास की दिशा में काम किया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य की दिशा दिखाई। अब चौहान के प्रयासों को आगे बढ़ाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी के विकास की गाथा लिखी और अब बुधनी में हर जगह विकास ही विकास नजर आता है। 

रिकॉर्ड बहुमत से भाजपा को जिताने का संकल्प लें कार्यकर्ता :  शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी की धरती कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत से यहां भाजपा को स्थापित किया है। कांग्रेस पार्टी अब कहीं भी जीतने वाली नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की हवा निकल गई है और महाराष्ट्र तथा झारखंड में भी कांग्रेस नहीं आने वाली। मैं जब भी यहां से चुनाव लड़ता था, तो कार्यकर्ता ही मेरा चुनाव लड़ते थे और मुझे प्रचंड बहुमत से जिताते थे। मेरे सामने जो कार्यकर्ता बैठे हैं, हम सब एक ही हैं और भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। जब मेरा हर चुनाव कार्यकर्ताओं ने लड़ा है, तो रमाकांत भार्गव का चुनाव भी कार्यकर्ता ही लड़ेंगे और भार्गव को मुझसे भी अधिक वोटों से जिताएंगे। इसके लिए सभी कार्यकर्ता प्रचंड बहुमत से कमल खिलाने का संकल्प लें। मैंने बुधनी क्षेत्र के विकास में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस के जमाने में सड़कें नहीं थीं, घोड़े पर बैठकर जाना पड़ता था। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के जमाने में तो क्रिकेट की पिच जैसी सड़क बनती थी। कोई सड़क पर निकल जाये तो हालत खराब हो जाती थी।

बुधनी के कार्यकर्ता फिर इतिहास बनायेंगे : डॉ. महेंद्र सिंह
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि बुधनी और विजयपुर उपचुनाव में भारत की संस्कृति, भारत की सभ्यता और भारत के आध्यात्म को जिताना है और कमल का फूल खिलाना है। इसलिए ज्यादा से ज्याता मतदान करें, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की डबल इंजन सरकार में बुधनी सहित प्रदेश का हर क्षेत्र में विकास तेज रफ्तार से हो सके। 

कांग्रेस का गढ़ अब भाजपा का अभेद्य किला कार्तिकेय
शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय ने सभा में कहा कि चुनाव को दो पार्टी के बीच में न देखें। बुधनी के विकास के रूप में देखें। भाजपा बुधनी के विकास के लिए लड़ रही है। कांग्रेस परिवार तोड़ने काम करती है।

भार्गव के साथ मंच पर नजर आए राजपूत
भाजपा प्रत्याशी रमाकांत को टिकट मिलने से नाराज चल रहे पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत भी मंच पर नजर आए। बड़े नेताओं के मंच पर पहुंचने से कुछ देर पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के बेटे कार्तिकेय चौहान पहुंचे। कार्तिकेय ने सभी का स्वागत करते हुए भाषण की शुरुआत की।

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, नारों से गूंज उठा पूरा क्षेत्र
बुधनी दशहरा मैदान से एसडीएम कार्यालय के पास तक निकाले गए रोड शो में जनसैलाब उमड़ आया। हजारों की संख्या में स्थानीय लोग रोड शो के आगे चल रहे थे और सड़क किनारे खड़े होकर हजारों लोग रथ पर सवार भाजपा नेताओं पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन कर रहे थे। रथ पर सवार भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने भी जनता का लगातार अभिनंदन करने के साथ पार्टी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव के लिए आशीर्वाद मांगा।
विज्ञापन


इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री करणसिंह वर्मा,  कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष  कांतदेव सिंह, विधायक  हेमंत खण्डेलवाल, सुदेश राय,  मुकेश टंडन,  गोपाल सिंह इंजीनियर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री  रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक  राजेंद्र सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता  गुरुप्रसाद शर्मा,  रघुनाथ सिंह भाटी, निर्मला बारेला, महेश उपाध्याय, धारा सिंह पटेल, सुरजीत सिंह चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें