पूर्व विधायक के निधन पर आष्टा विधायक ने दी बधाई।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा के चार बार विधायक रहे रंजीत सिंह गुणवान का रविवार को निधन हो गया। उनकी शोकसभा में आम लोगों के साथ ही वर्तमान आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह भी शोक व्यक्त करने पहुंचे लेकिन इस दौरान माइक पर भाषण देते समय भाजपा विधायक की जुबान फिसल गई और वह मौजूद लोगों को आने के लिए धन्यवाद और बधाई देने लगे। भाजपा विधायक का शोकसभा में लोगों को बधाई देने का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
मध्यप्रदेश: अंतिम यात्रा में पहुंचे भाजपा विधायक की फिसली जुबान, शोक जताने की जगह लोगों को दे दी बधाई #MadhyaPradesh#RaghunathSingh pic.twitter.com/n1yYw36YUk
— Amar Ujala (@AmarUjalaNews) July 25, 2022
दरअसल आष्टा विधानसभा के पूर्व विधायक रंजीत सिंह की अंतिम यात्रा रविवार सुबह उनके गृह ग्राम खामखेड़ा से निकलनी थी। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा विधायक रघुनाथ सिंह लोगों को संबोधित कर रहे थे। शोक संवेदनाएं व्यक्त करते समय उनकी जुबान फिसल गई। भाषण की शुरुआत जय श्री राम से करने के बाद आष्टा विधायक ने कहा कि उपस्थित बंधुओं आज हमारे बीच में वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक आदरणीय रंजीत सिंह गुणवान के इस कार्य में आप पधारे हैं। मैं आप सब लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं, बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। भाजपा विधायक के बधाई देने की बात सुनकर वहां मौजूद लोग उन्हें हैरानी भरी नजरों से देखने लगे। लेकिन बधाई देने के बाद भी उन्हें अपनी गलती का अहसास नहीं हुआ और आगे भाषण देते रहे। बाद मैं उन्होंने कहा कि मैं स्वर्गीय रंजीत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और परमपिता परमेश्वर से बैकुंठधाम देने की प्रार्थना करता हूं।