पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई शराब जब्त की है
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन पहले करीब 21 लाख रुपए की शराब भरे वाहन को लूटने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने हथियार समेत गिरफ्तार किया है। ये सभी जावर थाना क्षेत्र की एक पहाड़ी पर स्थित पर गौशाला के अंदर शराब पीकर पेट्रोल पंप लूटने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हरनियागांव के पास पहाड़ी पर गौशाला में 6-7 लोग बैठकर हाईवे रोड पर पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि गौशाला के बाहर आड़ में तीन मोटरसाइकिल खड़ी हुई थी। गौशाला में देखा कि 7 व्यक्ति अलाव जलाकर गौशाला में बैठे हैं तथा शराब पी रहे हैं। पुलिस ने बात करते सुना कि रात साढ़े ग्यारह बजे अरनियागाजी जोड़ के पास हाईवे पर एस्सार पम्प पर धावा बोलेंगे। सभी अपने पास रखे हथियारों को बताते हुए उनका उपयोग कर लूट की योजना बना रहे थे, जिन्हें पुलिस की चार अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। जिनके कब्जे से एक देशी कट्टा मय दो जिंदा कारतूस, एक तलवार, एक गुलेल, एक टॉमी, लाठी, एक कटर जब्त किया गया। आरोपियों से दो अंग्रेजी शराब की बॉटल, तीन मोटरसाइकिल व अन्य सामान जब्त किया गया है।
तीन दिन पहले इंदौर-भोपाल हाईवे पर शराब वाहन लूट लिया था
पुलिस थाना जावर में आरोपियों से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने 20 दिसंबर को भोपाल-इंदौर हाईवे पर सेमलीबारी के पास कुल 9 की संख्या में एकत्रित होकर शराब भरे वाहन को लूटना स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया कि 20 दिसंबर को फरियादी रघुवीर पिता रामचरण जाटव निवासी ग्राम हिनोतिया पिरान थाना बैरसिया भोपाल ने रिपोर्ट की थी, जिसमें बताया था कि वे लोडिंग गाड़ी में अपने साले बबलू के साथ बरई कोकता भोपाल से अंग्रेजी शराब की 100 पेटी लोड कर उज्जैन ले जा रहे थे। रात करीबन 9.45 बजे जैसे ही हम लोग मेहतवाड़ा के पास भोपाल-इंदौर हाईवे रोड पहुंचे तभी तीन मोटरसाइकिल पर करीबन 6-7 लोगों ने गाड़ी को रोक लिया। कुछ समझ पाते उससे पहले ही उन्होंने मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें धक्का मारकर रोड से नीचे गिरा दिया। फिर लोडिंग गाड़ी माल सहित लेकर भाग गए। आरोपियों से शराब वाहन से डकैती का माल 77 पेटी अंग्रेजी शराब (करीब 21 लाख) तथा एक लोडिंग टाटा मैजिक, एक मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल कुल कीमत 26 लाख 65 हजार जब्त किया गया। आरोपियो का न्यायालय आष्टा से पीआर प्राप्त कर अन्य संबंद्ध आरोपियों एवं सम्पत्ति संबंधी अपराधों में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों से और भी लूट, चोरी, ट्रक कटिंग के संबंध पूछताछ से खुलासा होने की संभावना है।