सीहोर जिले में आयोजित रोजगार मेले में 163 आवेदकों का प्रथम स्तर पर चयन हुआ वहीं 42 आवेदकों को ऑफर लेटर मिला है। जिले के शिक्षित-बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय महाविद्यालय परिसर लाड़कुई में रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। रोजगार मेले में कक्षा 12वीं से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त 18 वर्ष से 30 वर्ष के युवा शामिल हुए थे।
जिले के जनसंपर्क कार्यालय का ट्वीट
- फोटो : सोशल मीडिया
रोजगार मेले में 4 कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा 241 युवक-युवतियों का पंजीयन किया था, जिसमें से 163 का प्राथमिक स्तर पर चयन एवं 42 युवक-युवतियों को ऑफर लेटर प्रदान किया गया। रोजगार मेले में सेल मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड मेहतवाड़ा ने 55 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया, वहीं 12 आवेदकों को ऑफर लेटर दिया। शिव शक्ति बॉयो टेक्नोलॉजी भोपाल ने 43 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया और 15 आवेदकों को ऑफर लेटर प्रदान किया। हर्बल लाइफ न्यूट्रीशन सीहोर ने 37 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया और 12 आवेदकों को ऑफर लेटर प्रदान किया। वहीं, पेटीएम बैंक ने 28 आवेदकों का प्राथमिक चयन कर 03 को ऑफर लेटर प्रदान किया।