सीहोर कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर
- फोटो : सोशल मीडिया
कलेक्ट्रेट में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर ने विभागीय गतिविधियों तथा कलेक्टर कमिश्नर्स कॉन्फ्रेंस के सभी एजेंडों पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को मध्य प्रदेश रैंकिंग में जिले को टॉप-5 में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी रैंकिंग में सुधार करें तथा सभी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों में जिम्मेदारी से एक टीम के रूप में कार्य करें। कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का स्वयं संतुष्टि पूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए, जिससे कि सीएम हेल्पलाइन में जिले की रैंकिंग में सुधार हो। उन्होंने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को भू-माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने बुदनी एवं नसरुल्लागंज एसडीएम को निर्देश दिए कि नर्मदा नदी के किसी भी घाट पर मशीनों द्वारा अवैध उत्खनन न हो, यह सुनिश्चित किया जाएं। उन्होंने चिटफंड कम्पनियों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए मावा भंडार, मिष्ठान दुकानों से नमूने एकत्र कर मिलावट माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य अधिकारी को जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को 4 माह का एकमुश्त राशन समय सीमा में वितरित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर सीहोर ने जिले की समस्त राशन दुकानों का निरीक्षण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि ध्यान रहें कि जांच के नाम पर खाना पूर्ति न हो। हर पैरामीटर पर जांच करें और कमी पाए जाने पर संचालक-विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएं।