सुभाष नगर ओवरब्रिज पर स्कूल वैन हादसा
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के सुभाष नगर ओवरब्रिज पर मंगलवार को एक बार फिर लापरवाही का शिकार होते हुए बड़ा हादसा टल गया। तेज बारिश के बीच एक स्कूल वैन डिवाइडर से टकरा गई। वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे, जो सौभाग्य से सुरक्षित बच गए। हालांकि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय वैन स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बारिश के कारण दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान चालक को डिवाइडर नजर नहीं आया और तेज गति में वैन सीधे डिवाइडर से टकरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें घर तक पहुंचाया गया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें क्षतिग्रस्त वैन और घटनास्थल की स्थिति साफ देखी जा सकती है। लोगों का गुस्सा लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही को लेकर फूट पड़ा है। स्थानीय निवासियों और सोशल मीडिया यूजर्स का आरोप है कि डिवाइडर पर न तो कोई साइनबोर्ड है और न ही रिफ्लेक्टिव टेप या चेतावनी संकेत, जिससे रात या बारिश के समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
यह भी पढ़ें:
राजा हत्याकांड में पुलिस अब करेगी चार्जशीट पेश
यह हादसा उस दिन की दूसरी दुर्घटना थी। इससे कुछ घंटे पहले ही एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। सौभाग्य से वे भी सुरक्षित रहे। लगातार हो रहे इन हादसों ने सुभाष नगर ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था और PWD की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द डिवाइडर पर चेतावनी संकेत और रिफ्लेक्टिव चिन्ह लगाए जाएं, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।