इस तरह टेंट लगाकर बेचे जा रहे शपथ पत्र।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के सतना मेडिकल कॉलेज में शपथ पत्र के नाम पर जमकर वसूली चल रही है। दिलचस्प बात यह है कि वसूली की यह दुकान मेडिकल कॉलेज के बाहर टेंट लगाकर चलाई जा रही है। दूसरे जिलों से नव प्रवेशी मेडिकल स्टूडेंट्स से स्टांप के नाम पर दोगुने से भी ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन इस पूरे खेल से खुद को अनजान बता रहा है।
दरअसल, सतना मेडिकल कॉलेज में नए छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान शपथ पत्र में लगने वाले स्टांप और पूरी प्रक्रिया के लिए मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपना काम छोड़कर वसूली की दुकान खोल ली है। यह दुकान मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर बाकायदा टेंट लगाकर चलाई जा रही है। शपथ पत्र की प्रक्रिया में 100, 500, 5000 और 15000 के स्टांप लग रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की इस अवैध दुकान में 100 का स्टांप 350, 500 का 900, 5000 का 7500 और 15000 का स्टांप 18500 रुपये में दिया जा रहा है।
बता दें कि मेडिकल कॉलेज सतना के बाहरी इलाके में स्थित है, जहां से कलेक्ट्रेट की दूरी कई किलोमीटर है। इस बात का फायदा उठाकर यहां के आउटसोर्स कर्मचारी नए छात्रों से जमकर वसूली कर रहे हैं। स्टांप की कीमत दोगुने से ज्यादा वसूल की जा रही है। इस संबंध में जब छात्र-छात्राओं से बात करनी चाही, तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया। लेकिन, कर्मचारियों की कुछ बातें हमारे कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं।
छात्र स्वतंत्र हैं, वे कहीं से भी शपथ पत्र बनवाएं
मेडिकल कॉलेज के डीन एसपी गर्ग ने कहा कि हमने इस बार निर्णय लिया था कि कॉलेज कैंपस के अंदर शपथ पत्र बनाना और इस तरह की गतिविधि नहीं करने देंगे, जिससे छात्रों को परेशानी हो। अगर, कैंपस के बाहर तंबू लगाकर शपथ पत्र का काम किया जा रहा है और इसमें हमारे आउटसोर्स कर्मचारी सम्मिलित हैं, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। छात्र स्वतंत्र हैं, वे कहीं भी जाकर अपना शपथ पत्र बनवा सकते हैं।