Satna News: किसान नेता आशुतोष द्विवेदी ने खून से लिखा पत्र
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के कई जिलों से खाद संकट की खबरें सामने आ रही हैं। कहीं किसान लंबी-लंबी कतारों में खड़े हुए हैं। तेज धूप के बीच घंटों का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में सतना जिले में भी खाद संकट का असर साफ तौर पर देखा जा सकता है। यहां किसान अपने खेतों के लिए खाद की बोरियों के इंतजार में दिन-रात लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। हालात इतने खराब हैं कि महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लेकर घंटों कतार में खड़ी रहती हैं, लेकिन शाम तक खाली हाथ लौट जाती हैं। इसी गंभीर मुद्दे को उठाते हुए किसान कांग्रेस के बुंदेलखंड प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव आशुतोष द्विवेदी ने मुख्यमंत्री के नाम खून से खत लिखकर अपनी पीड़ा और किसानों की व्यथा व्यक्त की है।
सिरिंज से निकाला खून, फिर लिखा खत
जानकारी के अनुसार, आशुतोष द्विवेदी ने सिरिंज से अपना खून निकलवाकर कांग्रेस लेटरपैड पर मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार बार-बार दावा करती है कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, तो फिर जिले के किसानों तक खाद क्यों नहीं पहुंच पा रही है? पत्र लिखकर उन्होंने मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर को सौंपा।
'अव्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार'
कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों को खाद के लिए घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। कई जगहों पर महिलाएं और बुजुर्ग सुबह 4 बजे से लाइन में लग जाते हैं, लेकिन शाम तक निराशा ही मिलती है। इस दौरान झगड़े और अव्यवस्था भी देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी समितियों और गोदामों तक खाद पहुंच रही है, लेकिन वास्तविक किसानों तक उसका वितरण सही तरीके से नहीं हो रहा। उन्होंने इस अव्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
ये भी पढ़ें- Ujjain News: कीचड़ में धंसी कार में मिला आरक्षक आरती का शव, 15 मिनट में स्थानीय गोताखोर ने खोज निकाला