फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: सतना में भीषण सड़क हादसा, जीजा-साले समेत बाइक सवार तीन युवकों की मौत; टक्कर के बाद कार छोड़कर भागे सवार

Tue, 24 Nov 2026 11:43 AM IST
सतना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना

सार

मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार तड़के तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास हुए हादसे में बाइक सवार जीजा-साले समेत तीन युवकों की मौत हो गई। दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। कार बिजली के खंभे से टकराकर झाड़ियों में जा घुसी। चालक और कार में सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
 
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश के सतना में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में जीजा-साले भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन


शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक
पुलिस के मुताबिक, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24) सोमवार को बिरसिंहपुर में अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह खत्म होने के बाद वह अपने जीजा हरिलाल हरिजन निवासी पगार और साथी रणधीर सिंह निवासी नई बस्ती, कोलगवां के साथ बाइक से लौट रहा था। तीनों युवक सतना में काम करते थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वे बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बिजली के खंभे से भिड़ी कार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक से टकराने के बाद कार भी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इसके बाद कार झाड़ियों की ओर जा धंसी। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। कार का नंबर MP 19 ZR 8610 बताया गया है।
विज्ञापन


दो की मौके पर मौत, तीसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण साकेत को पुलिस ने तत्काल बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सत्यनारायण ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना में एक मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने कार जब्त की, फरार लोगों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब फरार चालक और कार में सवार अन्य लोगों की तलाश कर रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन सतना पहुंच गए। सत्यनारायण का पोस्टमॉर्टम जिला अस्पताल में कराया जाएगा, जबकि हरिलाल और रणधीर के शवों का पोस्टमॉर्टम बिरसिंहपुर में कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें