सतना पुलिस ने हर्षनगर बायपास फ्लाईओवर के पास बंद क्रेशर के समीप छापा मारकर ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 4.50 लाख रुपये कीमत की 117.70 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है। इस कार्रवाई के दौरान तस्करी नेटवर्क को संचालित करने वाली मुख्य आरोपी महिला फरार हो गई, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नशीले पदार्थ की बरामदगी और जब्ती
थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के अनुसार पुलिस को उत्तर प्रदेश से सतना में नशीले पदार्थ की खेप लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बंद क्रेशर के पास दबिश देकर पांच संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर पीली पन्नी के अंदर से मटमैले रंग के छोटे तथा ठोस टुकड़े मिले, जो जांच में 117.70 ग्राम ब्राउन शुगर निकले। पुलिस ने मौके से चार एंड्रॉइड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल और दो मोटर साइकिल भी जब्त की हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर: प्रशंसक करते रहे 56 दुकान पर इंतजार, दिलजीत ने होटल में खा लिए इंदौरी पोहे
आरोपियों की पहचान और जेल रवानगी
पुलिस की जांच में सामने आया कि फरार महिला उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद से ब्राउन शुगर लाकर बांदा में अपने नेटवर्क के जरिये सप्लाई करवाती थी। उसके बेटे मांग मिलने पर अलग-अलग जगहों पर खेप पहुंचाते थे। रविवार को उत्तर प्रदेश के तीन आरोपी ब्राउन शुगर लेकर आए थे, जिसकी मांग रीवा के दो आरोपियों ने की थी।
गिरफ्तार आरोपियों में अवध किशोर यादव (45 वर्ष) निवासी बिसंडा (बांदा), विकास यादव निवासी कर्वी (चित्रकूट), निशा यादव निवासी बबेरू (बांदा), शिवम बरगाही निवासी गोविंदगढ़ (रीवा) और राहुल दुबे निवासी बैकुंठपुर (रीवा) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने सभी को जेल भेज दिया।