मध्यप्रदेश में पर्यावरण और पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने इशारों-इशारों में राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा है। वर्मा ने एक कार्यक्रम में कहा कि पीसीसी अध्यक्ष के लिए नौजवानों को मौका देना चाहिए। आप नौजवानों के लिए जगह छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके अलावा उन्होंने दावा किया है कि नौकरशाह मुख्यमंत्री की किचन कैबिनेट का हिस्सा हैं।
सज्जन वर्मा ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कैलाश विजयवर्गीय के साथ कान फुसफुसाते वाली फोटो जारी कर वे कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने गले मिलकर मीठी-मीठी बातें की। उनके कान में कहा कि चिंता मत करना हम ही सरकार चला रहे हैं। आपको और आपके सहयोगियों को कुछ नहीं होने देंगे।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ इस समय राज्य के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। कांग्रेस पार्टी का एक खेमा पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश की कमान सौंपने की वकालत कर रहा है। हाल ही में सिंधिया ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था और वादे पूरे न करने को लेकर तीखे हमले किए थे।