मध्य प्रदेश के सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में क्रेशर खदान में नहाने गए तीन युवक डूब गए। रेस्क्यू के दौरान एक शव बरामद हुआ, जबकि दो की तलाश जारी है। आज सुबह होते ही टीम फिर से तलाश में जुट गई हैं।
सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। ग्राम गुड़ा के पास स्थित एक क्रेशर खदान में नहाने गए तीन युवक पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। यह सभी युवक सागर शहर के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
बचाने के प्रयास में डूबे साथी
प्रत्यक्षदर्शी शिवा वाल्मिकी ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे चार दोस्त खदान पर नहाने पहुंचे थे। नहाते समय तनीश कोरी अचानक गहरे पानी में जाने लगा और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अभिषेक और तेजराम ने पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वे भी खुद को संभाल नहीं पाए और डूब गए। इस दौरान चौथे साथी आयुष ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की, जिसे अन्य दोस्तों ने पकड़ लिया था, लेकिन बाकी साथियों ने पैंट फेंककर आयुष को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, पर अन्य तीनों पानी में समा गए।
एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। टीम ने सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद अभिषेक उर्फ अध्धा (20 वर्ष), निवासी कैंट का शव बरामद कर लिया है वही तनीश कोरी (19 वर्ष) और तेजराम पटेल (20 वर्ष) अभी लापता है जिनकी तलाश जारी है।
प्रशासन की अपील
देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंधेरा होने के कारण सर्चिंग में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन शेष दो युवकों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने एक बार फिर युवाओं से असुरक्षित खदानों और गहरे जल स्रोतों से दूर रहने की अपील की है। वहीं, इस हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया पहुंचे उन्होंने मौजूद अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। शनिवार सुबह होते ही टीम ने खोज अभियान को और तेज किया है।