सागर जिले में पिछले दो दिन से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार शाम अचानक मौसम ने अपना मिजाज बदला और तेज हवाएं चलीं। बादल गरजा और फिर बारिश हो गई। बारिश के साथ में ओले भी गिरे हैं।
शहर के अनेक स्थानों बाघ वार्ड, नया आरटीओ, तिली, कनेरादेव और काकागंज क्षेत्र में बारिश हुई। वहीं, जिले में ग्रामीण क्षेत्रों से भी बारिश ओलों के समाचार हैं। वहीं, आंधी चलने से सागर रहली सड़क मार्ग पर पीपल का पेड़ गिरने से सड़क मार्ग बाधित रहा।
मौसम की यह करवट कहीं राहत तो कहीं आफत लेकर आई। जहां लोगों को तेज गर्मी से तात्कालिक राहत मिली। वहीं, मूंग तथा सोयाबीन की फसलों को नुकसान हुआ। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। स्थानीय मौसम विभाग ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया, जिसमें तेज हवाएं चलने, बादल गरजने और बिजली गिरने सहित बारिश होने का अनुमान लगाया है।