मध्यप्रदेश में सागर जिले के रहली नगर में एक अजीबो-गरीब चोरी करने का मामला सामने आया है। इसमें चोर साइकिल का केवल अगला पहिया खोल कर ले गए। यह घटना क्रम सुनकर लोगों को हैरत हुई कि कोई इस प्रकार की चोरी भी कर सकता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रहली का रहने वाला राजू विश्वकर्मा जो पेशे से प्लंबर है। नगर के वार्ड-7 में नल फीटिंग का काम करने गया था। वह अपनी साइकिल रखकर काम करने चला गया। इसी दौरान जब वह आधे घंटे बाद काम पूरा कर लौटा तो उसे साइकिल तो यथास्थान पर खड़ी मिली, लेकिन उसकी साइकिल का आगे का पहिया गायब मिला।
उसके बाद उसने आसपास के लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया। लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। साइकिल का पहिया खोजने में नाकाम रहने के बाद वह थाने पहुंचा और अज्ञात चोर के खिलाफ साइकिल का अगला पहिया चोरी होने का मामला दर्ज कराया है।
पार्षद ने महापौर पति और भतीजे पर मारपीट तथा अपमानित करने का लगाया आरोप
सागर नगर निगम में इस समय कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा। अंदरखाने से लगातार बगावती सुर सामने आते रहे हैं और अब यह बगावत सड़कों पर देखने को मिली। विट्ठल नगर वार्ड के भाजपा पार्षद देवेंद्र अहिरवार ने भाजपा से ही महापौर संगीता तिवारी के पति सुशील तिवारी और उनके भतीजे रिशांक तिवारी और एक ठेकेदार पर गाली गलौज मारपीट और अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाते हुए भगवानगंज चौराहा पर वार्ड वासियों के साथ चक्का जाम कर दिया।