लोकेश कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सागर
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले के सबसे संवेदनशील क्षेत्र सदर से नेता गिरी का रौब दिखाते हुए क्षेत्रवासियों को परेशान किए जाने का एक मामला सामने आया है। इसमें पीड़ित ने किसी कांग्रेस नेता देवेंद्र तोमर का जिक्र करते हुए बताया कि देवेंद्र तोमर के बेटे और भतीजे अपने कुछ दोस्तों के साथ क्षेत्र में बैठकर खुलेआम शराब पीते हैं और गाली-गलौज करते हैं। जब उन्हें खुलेआम शराब न पीने की बात कही गई तो उन्होंने एक परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित के अनुसार, उनके साथ लाठी डंडों और तलवार से मारपीट की गई है, जिसमें एक ही परिवार के दो युवक, एक बुजुर्ग महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल हुए हैं। मामले में सबसे गंभीर बात ये है कि लगभग तीन से चार दिन पहले जब विवाद हुआ तो पीड़ित परिवार इसकी शिकायत करने थाने पहुंचा। जहां से पुलिसकर्मियों द्वारा पीड़ित परिवार को ये कहकर वापस भेज दिया गया कि मामला इतना बड़ा नहीं है। आप लोग आपस में समझ लीजिए।
इसके बाद गुरुवार को एक बार फिर से मारपीट की घटना देखने को मिली। फिलहाल, घायल परिवार जिला अस्पताल में इलाजरत है। जहां से उनकी एमएलसी करके पुलिस को रिपोर्ट भेज दी गई है। मामले में जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना संज्ञान में आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त जगह से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोगों को अभिरक्षा में ले लिया है। पूरा मामला दो पड़ोसियों के मध्य चल रहे मनमुटाव के कारण हुए विवाद का है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई कर दी है।