छत्तीसगढ़ के रायपुर से ट्रक क्रमांक यूपी 93 बीटी 5786 में लोड 43 टन लोहे की सरिया कीमत करीब 25 लाख रुपये ट्रक चालक रामसिंह राजपूत द्वारा खुर्द-दुर्द कर दी गई। आरोपी चालक ट्रक को शाहगढ़ थाना क्षेत्र के हीरापुर में छोड़कर वह लापता हो गया। जिसकी शिकायत दिनारा जिला शिवपुरी निवासी ट्रांसपोर्टर सौरभ गुप्ता ने 1 मार्च को शाहगढ़ थाना में दर्ज कराई थी।
मामला 25 लाख रुपये की सरिया खुर्द-दुर्द करने का था, इसलिए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप खरे ने इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। हमने भी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिससे वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी व माल की तलाश के लिए एसडीओपी शिखा सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की।
टीम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप खरे, हीरापुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक व अन्य आरक्षकों को शामिल किया गया। तलाशी शुरू करने के तीन दिन के भीतर ही पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवेचना के दौरान टीकमगढ़ निवासी दीपक चौरसिया से पूछताछ की गई। उसने बताया कि ट्रक ड्राइवर रामसिंह उर्फ दद्दा के साथ मिलकर दोनों ने लोहे की 43 टन सरिया मऊरानीपुर उत्तरप्रदेश निवासी भूपेंद्र यादव को बेच दी थी। दीपक चौरसिया के बयान के आधार पर पुलिस मऊरानीपुर उत्तरप्रदेश स्थित भूपेंद्र यादव की दुकान पर पहुंची, जहां से सरिया बरामद की गई।
मुख्य आरोपी ट्रक ड्राइवर रामसिंह और 25 लाख की सरिया खरीदने वाला भूपेंद्र यादव अभी भी फरार हैं। वहीं, दलाल दीपक चौरसिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।