सागर जिले के बीना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नौगांव में सागर भाजपा सांसद लता वानखेड़े के प्रतिनिधि, पूर्व सरपंच संतोष ठाकुर और उनके समर्थकों पर नाबालिग भाई-बहन से मारपीट का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित भाई-बहन घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बच्ची के चाचा का कहना है कि आरोपियों ने उसकी भतीजी के पेट और गुप्तांग में भी चोट पहुंचाई है। नाक से खून निकल रहा है। डॉक्टर ने सोनोग्राफी के लिए कहा है। वहीं उसके भाई के सिर में पांच टांके आए हैं।
बीना थाना क्षेत्र के ग्राम नौगांव में 17 वर्षीय पीड़ित किशोर शनिवार रात 9 बजे किसी काम से दुकान जा रहा था। रास्ते में गोलू ठाकुर, हरि सिंह ठाकुर और संतोष ठाकुर ने डंडे और रॉड से उस पर हमला कर दिया। भाई पर हमले की खबर सुनकर उसकी 16 वर्षीय बहन अपने भाई को बचाने पहुंची तो सांसद प्रतिनिधि संतोष ठाकुर ने उस पर भी हमला किया। संतोष के भतीजे किट्टू ठाकुर और भोला ठाकुर भी वहां आ गए। सभी ने मिलकर दोनों नाबालिगों को बेहोश होने तक पीटा।
12 से ज्यादा लोगों ने हमला किया
परिजन ने घायल बच्चों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां से दोनों को सागर रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर 12 से ज्यादा थे। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर सांसद प्रतिनिधि संतोष ठाकुर, गोलू ठाकुर, हरि सिंह ठाकुर, किट्टू ठाकुर और भोला ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें-
National Civil Services Day 2025: मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारियों ने नवाचारों से बढ़ाया प्रदेश का मान
जान से मारने की दी धमकी
पीड़ित किशोर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मैं शनिवार रात दुकान सामान लेने जा रहा था। तभी घर के सामने सड़क पर गांव के गोलू ठाकुर, हरि सिंह ठाकुर, संतोष ठाकुर हाथ में डंडा और रॉड लिए मिले। किसी पुरानी बात पर मुझे गंदी-गंदी गालियां देने लगे। पीड़ित के अनुसार जब उसने इन्हें गालियां देने से मना किया तो गोलू ठाकुर ने रॉड मारी। रॉड मेरे सिर में लगी और खून निकलने लगा। हरि सिंह और संतोष ठाकुर डंडे से पीटने लगे। मेरे दाहिने हाथ के पंजे, गर्दन, बाएं हाथ की पिडंली पर चोट आई। शोर सुनकर नाबालिग बहन बीच-बचाव करने लगी। इस पर संतोष के भतीजे किट्टू ठाकुर, भोला ठाकुर आ गए और दोनों बहन को लात-घूंसों से और संतोष डंडे से मारपीट करने लगा। जिससे उसे सिर दाहिने हाथ की उंगली, नाक में चोट आई। उसने शोर मचाया, जिसे सुनकर माता-पिता भी वहां पहुंच गए। इनसे भी आरोपियों ने मारपीट की। परिवार के बाकी लोगों को भी मारपीट कर भगा दिया। वे जाते-जाते कह रहे थे कि आज तो बच गए दोबारा दिखे तो जान से खत्म कर देंगे।
ये भी पढ़ें-
MP के 20 जिलों के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों को 4 माह से नहीं मिली सैलरी,डिप्टी CM ने दिया आश्वासन
पीड़ित परिवार ने सांसद को रोका
बीना से कुरवाई जा रही सांसद लता वानखेड़े को पीड़ित परिवार ने अपने गांव नौगांव के पास रोक लिया। पीड़ित परिवार ने उनके प्रतिनिधि द्वारा नाबालिग बच्चों के पिटाई के बारे में मामले में बात की जिस पर सांसद लता वानखेड़े ने जांच कराने की बात कही है।
पुराना विवाद बना वजह
दोनों परिवारों में विवाद लगभग पांच माह पहले शुरू हुआ था। दरअसल तीन एकड़ खेत में पानी की मोटर के लिए केबल डाली गई थी। यह केबल अज्ञात लोगों ने काट दी। तभी से ये विवाद चल रहा है। वहीं मामले में बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने कहा कि जो चोटें आई हैं उनको देखकर ऐसा लगता नहीं कि आरोपी ज्यादा होंगे। फिर भी मामला अभी जांच में है। अगर कुछ सामने आएगा तो अन्य अपराधियों के नाम भी जोड़ लिए जाएंगे।