सागर जिले के बीना रिफाइनरी रोड पर बुधवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली पर करीब 50 मीटर तक दौड़ने के बाद पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक युवक की 10 अप्रैल को शादी होने वाली थी।
शादी समारोह से लौट रहे थे दोस्त
पुलिस के अनुसार, बीना के भीम वार्ड निवासी शैफ (25) और यश (24) अपने भोपाल निवासी मित्रों प्रियांश, अमन, विशाल और छोटी बजरिया निवासी श्रेयांश के साथ कुरवाई रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात भर शादी के कार्यक्रम में रहने के बाद, सुबह करीब 6 बजे वे रिफाइनरी रोड की ओर किसी काम से निकले थे। इसी दौरान हड़कल खाती गांव के पास मोड़ पर उनकी कार (MP 04 ZP 6805) बेकाबू हो गई।
ये भी पढ़ें-
मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी की खबरों के बाद परिवार नाराज, बिना बताए गायब, घर पर लटका ताला
एयरबैग भी नहीं बचा सके जान
प्रत्यक्षदर्शियों और मौके के हालातों को देखकर रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है। कार सड़क के बाजू में खुदी पड़ी नाली के ऊपर करीब 50 मीटर से ज्यादा दूरी तक घिसटती हुई गई और फिर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसके पुर्जे नाले में बिखर गए। हालांकि कार के एयरबैग खुल गए थे, लेकिन झटके और चोट इतनी गंभीर थी कि शैफ और यश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
इस हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतक शैफ की आगामी 10 अप्रैल को शादी थी। घर में शहनाइयां बजने वाली थीं और तैयारियों का दौर जारी था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घर में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और आगासौद पुलिस की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटनाग्रस्त कार