सागर के खुरई में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक सनसनीखेज हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में घेराबंदी कर स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार सवार छह शातिर बदमाशों को हथियारों के साथ दबोच लिया। आरोपी प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक युवक की हत्या करने की नीयत से शहर में दाखिल हुए थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में एक बड़ी वारदात टल गई। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर तीन आरोपी फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
प्रॉपर्टी विवाद में मर्डर की थी प्लानिंग
खुरई थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि दो दिन पहले सागर नाका क्षेत्र में अंडे की दुकान लगाने वाले रिजवान नामक युवक से कुछ लोगों का प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी रिजवान की हत्या की खौफनाक साजिश रचकर खुरई पहुंचे थे। पकड़े गए आरोपी भोपाल, औबेदुल्लागंज (अब्दुल्लागंज) और गंजबासौदा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सकरी गली में फंसी कारें और पुलिस ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाहरी नंबरों की गाड़ियों में कुछ संदिग्ध लोग पठारी नाका की ओर से शहर में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार शहर के भीतर दाखिल हुईं। पुलिस ने जब संदिग्ध वाहनों का पीछा किया, तो महेश्वरी भवन के पास एक सकरी गली में जाकर दोनों कारें फंस गईं। रास्ता बंद देख पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और मौके से 6 आरोपियों को दबोच लिया।
फरसा व चाकू बरामद, तीन आरोपी तमंचे लेकर फरार
पुलिस ने जब पकड़े गए बदमाशों और गाड़ियों की तलाशी ली, तो उनके पास से फरसा, चाकू समेत कई घातक धारदार हथियार बरामद हुए। वहीं, कार्रवाई के दौरान 3 आरोपी मौके से भाग निकले। झंडा चौक पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फरार बदमाश अपने साथ अवैध तमंचे (देशी कट्टा) लेकर भागे हैं।
ये भी पढ़ें- Indore News: ऑटो चालक और दर्जी निकले ड्रग्स सप्लायर, लाखों की एमडी के साथ पुलिस ने पकड़ा
कोर्ट ने भेजा जेल, फरार आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान छेड़ दिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।