सागर जिले के देवरी कलां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रसेना के पास एक तेज रफ्तार आपे ने मोटर साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला की मौत हो गई तथा एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामसेवक अहिरवार, सुमित रानी अहिरवार और मृत महिला रेखा अहिरवार हैं। सभी निवासी ग्राम खैरी पदम थाना महाराजपुर अपने घर से किसानी का काम करने के लिए मोटरसाइकिल से अपने खेत जा रहे थे, तभी रसेना सड़क मार्ग पर आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक आपे ने इनकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे, जिसमें एक महिला रेखा अहिरवार की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक महिला तथा एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना राहगीरों द्वारा देवरी थाना पुलिस को दी गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस की सहायता से स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, मृत महिला के शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला कायम कर आपे चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आपे को जब्त कर लिया है।