सार
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में कड़ता-खैराना रोड पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। मृतक अशोक सेन बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे। हेलमेट न होने से सिर में गंभीर चोट जानलेवा बनी।
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कड़ता-खैराना रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी और बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
मृतक की पहचान पुरव्याऊ टोरी निवासी 51 वर्षीय अशोक सेन के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अशोक की बेटी की शादी आगामी पांच फरवरी को होनी है। वह बुधवार को अपने भतीजे राज सेन के साथ स्कूटी से रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने खैराना गए थे। कार्ड बांटकर लौटते समय ग्राम कड़ता के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
नगर निगम कर्मचारी की भी मौत
हादसे में दूसरी जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय जितेंद्र रैकवार (निवासी तिली) के रूप में हुई है। जितेंद्र सागर नगर निगम में चौकीदार के पद पर तैनात थे और किसी निजी काम से रहली जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अशोक और जितेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- आजाद समाज पार्टी की संकल्प यात्रा में विवाद, कथावाचकों को लेकर ये क्या बोल गए दामोदर यादव
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल राज सेन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। इस दुर्घटना का दुखद पहलू यह है कि मृतक दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। उनकी मृत्यु की वजह सिर में लगी घातक चोट बनी। जिले में बड़ी संख्या में बाइक सवारों की मौत की एक बड़ी वजह हेलमेट का न लगाना भी है।