सागर में लकड़ी की टाल में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती गार्डन के पास स्थित लकड़ी के टाल में सोमवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में भारी हड़कंप मच गया और आसमान में काले धुएं का गुब्बार छा गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
यह टाल प्रहलाद पटेल और रवि कोरी के हैं, जो आसपास ही स्थित हैं। टाल के मालिकों के अनुसार, वे शाम को टाल बंद करके अपने घर चले गए थे। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने फोन पर उन्हें टाल में आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद वे तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय विधायक, महापौर और पुलिस प्रशासन को दी।
ये भी पढ़ें-
हरदा-बैतूल हाईवे पर नमकीन से भरे कंटेनर में लगी भीषण आग, पूरा माल जलकर राख; दूर से दिख रही थीं लपटें
सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रात 12 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई थीं। आग की भयंकर लपटों और धुएं के गुब्बार को देखने के लिए घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जिससे लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मुस्तैद हैं। प्रशासन द्वारा आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके बाद ही नुकसान और आग लगने के असली कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।