रीवा में उपयंत्री को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के रीवा में लोकायुक्त ने उपयंत्री को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उसने नाली ढंकने का काम का मूल्यांकन करने के ऐवज में रिश्वत मांगी थी। वह 11 हजार रुपये लेते दबोचा गया है।
जानकारी के मुताबिक सतना के रघुराज नगर में रहने वाले इमाम पिता स्वर्गीय शेर खान ने लोकायुक्त को शिकायत की थी। उसने बताया था कि नगर पालिका निगम में प्रिकास्ट कार्य (नाली ढंकने का कार्य) किया था। काम का मूल्यांकन कराने के लिए वह नगर पालिका निगम सतना के जोनल अधिकारी जोन क्रमांक -2 के उपयंत्री राजेश गुप्ता के पास गया था। इस काम के बदले राजेश गुप्ता 33 हजार रुपये मांग रहा था। शिकायतकर्ता ने 22 हजार रुपये आरोपी को दे भी दिए पर वो काम नहीं कर रहा था। आखिरकार उसने लोकायुक्त रीवा को इसकी शिकायत कर दी।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की पड़ताल के बाद ट्रैप तैयार किया। योजना बनाकर शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया। आरोपी राजेश गुप्ता के कार्यालयीन कक्ष में जैसे ही शिकायतकर्ता ने 11,000 रुपये रिश्वत दी, वैसे ही लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।