घर की दीवार में बने गुप्त तहखाने से बरामद हुई प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के धोबिया टंकी इलाके में एक घर से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त की है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से नशे का कारोबार चला रही थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिलाओं ने पुलिस को चकमा देने के लिए घर की दीवार के अंदर एक गुप्त स्थान बना रखा था, जिसमें नशीली सिरप छिपाई जाती थी।
मुखबिर की सूचना पर मारी गई दबिश
पुलिस को लंबे समय से इलाके में नशे की अवैध बिक्री की सूचना मिल रही थी। मुखबिर की पक्की खबर पर पुलिस टीम ने धोबिया टंकी स्थित एक घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को घर की दीवार में बनी एक अलमारी के पीछे छिपा हुआ गुप्त स्थान मिला, जिसमें करीब एक सैकड़ा प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप की बोतलें रखी हुई थीं।
दीवार में बने गुप्त स्थान से बरामद हुई सिरप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं ने यह गुप्त स्थान बड़ी चालाकी से तैयार किया था ताकि कोई बाहरी व्यक्ति वहां नशे का माल न देख सके। इस छिपे स्थान से जब्त की गई सिरप की बोतलें प्रतिबंधित श्रेणी की हैं, जिनकी बिक्री कानूनन अपराध है।
यह भी पढ़ें- Shocking: थाने के मालखाने में रखे 55 लाख नकद-10 लाख के गहने पुलिसवाला ही जुए में हारा, ऐसे सामने आई करतूत
तीन महिलाएं गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त बताई जा रही हैं। पुलिस ने तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली सिरप की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
रीवा शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बीते कुछ महीनों में शहर के विभिन्न हिस्सों से नशीले पदार्थों की कई खेप पकड़ी जा चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP News: ग्वालियर अंबेडकर प्रतिमा विवाद, सनातन विरोधी बताया तो CSP हीना खान ने लगाए जय श्रीराम के नारे