व्यवस्था में नहीं पहुंचे अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मैहर में सीएम मोहन यादव के आदेश के बावजूद अधिकारी की लापरवाही देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन के द्वारा मैहर में बनाए गए बैरिकेट्स पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मगर यह ड्यूटी कागजो में की जा रही है। बैरिकेडिंग स्थल पर कोई भी अधिकारी कर्मचारी मौजूद नहीं है।
बीते कल महाकुंभ मार्ग में ड्यूटी पर नदारत मिले महिला बाल विकास अधिकारी राजेंद्र बागरे को जिला कलेक्टर ने नोटिस थमाया था। इसके बावजूद भी मैहर के अधिकारी सबक लेने का नाम लेते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में जब आज अमरपाटन के पर्सवाही NH-30 बैरिकेडिंग स्थल की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें कोई भी अधिकारी श्रद्धालुओं की सेवा में मौजूद नहीं था।
सीएम के आदेश के बाद लगाई ड्यूटी
प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव के द्वारा रीवा संभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठक की गई, जिसमें श्रद्धालुओं के सेवा का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया गया। उसके बाद जिला कलेक्टर ने 10 फरवरी को सभी अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की तैनाती की, मगर इसका पालन नहीं हो पा रहा है।
शाम पांच बजे की है फोटो
मिली जानकारी के मुताबिक, अमरपाटन बाइपास पर्सवाही के पास की ये तस्वीर 11 फरवरी की शाम पांच बजे की है। आदेश के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक बैरिकेड्स पर अमरपाटन मुख्य नगर परिषद अधिकारी सुषमा मिश्रा की ड्यूटी लगाई गई थी। मगर सीएमओ ड्यूटी से नदारद नजर आईं। इस मामले में जिला कलेक्टर रानी बाटड ने कहा कि सूचना मिली है। संबंधित कर्मचारी से पूछा जाएगा।