तालाब के पास कुएं में उतराता मिला मासूम का शव
- फोटो : अमर उजाला
मऊगंज के हनुमना थाना क्षेत्र के भदौहा में एक 10 वर्षीय मासूम राकेश बसोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो दिन लापता रहने के बाद 12 नवंबर की शाम बच्चे का शव गांव के तालाब किनारे बने कुएं में उतराता मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि लापता होने से पहले राकेश को तालाब के पास देखा गया था लेकिन घंटों की तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। जब कुएं में शव दिखाई दिया तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची घटना की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें: Tikamgarh News: एटीएम कार्ड बदलकर शिक्षक के साथ ठगी का सीसीटीवी आया सामने, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के पिता राममिलन बसोर के मुताबिक राकेश अपनी मां से पैसे मांग रहा था, जिस पर मां ने उसे पहले पढ़ाई करने की नसीहत दी। यह बात बच्चे को नागवार गुजरी और वह गुस्से में घर से निकल गया। परिवार उसी समय खेत में धान की कटाई करने चला गया। राकेश जब शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दो दिन बाद गांव वालों ने बताया कि कुएं में शव उतराता मिला।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों और परिजनों में घटना को लेकर शोक और आक्रोश दोनों हैं।