रीवा जिले में एक अजीब मामला सामने आया है। कक्षा-5 की ऑनलाइन क्लासेस के लिए बनाए गए एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक टीचर ने पोर्न लिंक पोस्ट कर दी। अब इस मामले में उस पर कार्रवाई हो सकती है। अधिकारियों ने जांच करने का आश्वासन दिया है।
मामला रीवा के मैदानी हरिजन बस्ती स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है। इस ग्रुप में 28 विद्यालयों के 180 छात्र और 65 महिला शिक्षक जुड़े थे। प्राथमिक शाला शिक्षक कृपा शंकर चतुर्वेदी ने इसमें मंगलवार को पोर्न लिंक पोस्ट कर दी। जब ग्रुप के सदस्यों ने लिंक पर क्लिक किया तो पोर्न साइट खुल रही थी। आनन-फानन में इस लिंक को डिलीट करवाया गया। इसके बाद भी कई महिला शिक्षकों ने ग्रुप छोड़ दिया है।
मामले की शिकायत संकुल प्राचार्य को की गई। बाद में मामले के जांच के आदेश भी हो गए हैं। शिक्षक इससे पहले भी साथी शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस तरह की लिंक डालता रहा है। इसके लिए उसे फटकार भी मिलती रही है। क्षेत्र के शिक्षा अधिकारी प्रवीण शुक्ला का कहना है कि मामले की शिकायत डीपीसी कार्यालय को की गई है। कलेक्टर इलैया राजा ने इस मामले की रिपोर्ट मंगवाई है। दोषी शिक्षक पर कार्रवाई का भरोसा भी दिया है।