रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान चर्चा में है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में नेताओं के आपत्तिजनक बयान देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसमें अब रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि कलेक्टर को थप्पड़ मार दो तो साल भर की नेतागीरी चल जाती थी।
दरअसल वीडियो का हिस्सा कांग्रेस की ओर से नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के अधिकारियों के प्रति विचार कैसे हैं। वीडियो में मिश्रा कहते नजर आ रहे हैं कि “मैं तो उद्दंड किस्म का आदमी था। और लोग मानते थे कि कलेक्टर को एक थप्पड़ मार दो तो साल भर-दो साल की नेतागीरी पक्की हो जाती थी। हम ताकते रहते थे और मौक़ा भी मिल जाता था, कभी कॉलर पकड़ लेते, कभी तमाचा, कभी किसी पर कुर्सी फेंकना…”
नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट के माध्यम से सवाल उठाए हैं कि ये अधिकारियों के लिए कैसी भाषा? हालांकि ये पता नहीं चल पाया है कि ये कार्यक्रम कब का है, और रीवा सांसद ये बात किस संदर्भ में कह रहे हैं।