यूक्रेन और रूस में युद्ध की आशंका वहां फंसे मध्य प्रदेश के 200 स्टूडेंट्स को निकालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दो छात्र मंगलवार रात को हिंदुस्तान लौट आए हैं। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही बाकी स्टूडेंट्स भी लौट आएंगे। 24 और 26 फरवरी को वंदे भारत मिशन फ्लाइट्स यूक्रेन के कीव से भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए उड़ान भरने वाली हैं।
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन से हमारे बच्चों का आना शुरू हो चुका है। आयुषि जैन और हर्षित शर्मा देर रात हिंदुस्तान आ गए हैं। इन छात्रों में एक भोपाल और एक इंदौर के हैं। रोज ही एक फ्लाइट आ रही है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री लगातार इस विषय पर संपर्क में बने हुए हैं। कोशिश की जा रही है कि यूक्रेन में फंसे छात्रों को जल्द से जल्द निकाला जाए। घबराने की जरूरत नहीं है। सभी बच्चों को सकुशल घर लाया जाएगा।
200 से अधिक मप्र के स्टूडेंट्स फंसे हैं यूक्रेन में
अधिकृत जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के करीब 200 से अधिक स्टूडेंट्स यूक्रेन में फंसे हुए हैं। कई स्टूडेंट्स लौटना चाहते हैं। उनके बैग्स पैक हो चुके हैं। इसके बाद भी फ्लाइट्स की टिकटें इतनी महंगी हैं कि वह लौट नहीं पा रहे हैं। इंदौर और भोपाल में यूक्रेन में पढ़ रहे स्टूडेंट्स के माता-पिता सरकार से गुहार लगा चुके हैं कि उनके बच्चों को निकालने की व्यवस्था की जाए।
भारतीय दूतावास ने जारी की है एडवायजरी
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने एडवायजरी जारी कर रखी है कि अगर उनका रहना बेहद जरूरी नहीं हैं तो उन्हें पूर्वी यूरोप के इस देश से निकल जाना चाहिए। एयर इंडिया ने 200 सीट वाले ड्रीमलाइनर एयरक्राफ्ट को फंसे हुए भारतीयों को निकालने के काम में लगाया है। एयर इंडिया ने 18 फरवरी को घोषणा की थी कि 22, 24 और 26 फरवरी को यूक्रेन और भारत के बीच वंदे भारत मिशन फ्लाइट्स चलाई जाएंगी।
मप्र सरकार के हेल्पलाइन नंबर
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन से मध्य प्रदेश के नागरिकों की सकुशल वतन वापसी के संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक की है। यह सुनिश्चित किया है कि विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर नागरिकों को हिंदुस्तान लाने की समस्त प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। राज्य सरकार इसमें पूर्ण सहयोग करेगी। यूक्रेन में निवासरत प्रदेशवासियों की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर सीएम हेल्पलाइन 181 एवं +91-755-2555582 जारी किए गए हैं।