रिलायंस ग्रुप मध्यप्रदेश के पीथमपुर और भोपाल में रक्षा विनिर्माण इकाई लगाने के लिए स्थान की पहचान की है। ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी ने इंदौर में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में इस बात का एलान किया।
अनिल अंबानी ने कहा कि देश में 90 प्रतिशत रक्षा उपकरणों का आयात किया जाता है। ऐसे में इस क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण के लिए बहुत अच्छे अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने रक्षा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नियमों को आसान बनाया है और उन्हें उम्मीद है कि इसका फायदा मध्य प्रदेश को मिलेगा। अंबानी ने कहा, "मुझे भरोसा है कि मध्य प्रदेश आगे कदम बढाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने रक्षा क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खुलते देखा है। रिलायंस समूह मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया कार्यक्रम में शामिल है। हम मध्य प्रदेश में रक्षा क्षेत्र में निवेश करेंगे।"
अंबानी ने कहा कि राज्य में उनके समूह ने करीब छह अरब डॉलर का निवेश किया है। समूह ने मध्यप्रदेश में 4,000 मेगावाट का विद्युत संयंत्र लगाया है। इस संयंत्र के लगने से सकल उर्जा लागत के लिहाज से मध्यप्रदेश काफी प्रतिस्पर्धी हो गया है और उसे भविष्य में निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी।