देवास जिले में प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने युवक के परिवार को निशाना बनाते हुए उसके दादा और चाचा का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने दोनों को कार में बैठाकर इंदौर ले जाकर बंधक बना लिया और युवती को वापस भेजने की धमकी देते हुए हत्या की चेतावनी दी। हालांकि, कन्नौद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दोनों अपहृतों को सकुशल मुक्त करा लिया। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अप्रैल में किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, कांटाफोड़ क्षेत्र की एक युवती ने अप्रैल महीने में कन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम किलोदा-पी निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। युवती के परिजन इस शादी से नाराज थे और लगातार युवक के परिवार पर दबाव बना रहे थे।
बताया जा रहा है कि छह मई की देर रात करीब तीन बजे कुछ लोग ग्राम किलोदा-पी पहुंचे। आरोपियों ने युवक के खेत पर बने मकान में सो रहे उसके दादा और चाचा को जबरन उठाया और कार में डालकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिवार ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।
पुलिस ने बनाई दो विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी तहजीब काजी के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात को युवती के परिजनों ने ही अंजाम दिया है।
ऑपरेशन त्रिनेत्रम से मिली बड़ी सफलता
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम इंदौर पहुंची, जहां दोनों अपहृतों को बंधक बनाकर रखा गया था।
इधर, आरोपी रास्तेभर अपहृतों के साथ मारपीट करते रहे। वे लगातार परिवार को फोन कर धमकी दे रहे थे कि यदि सुबह 4 बजे तक युवती को वापस नहीं भेजा गया तो दोनों की हत्या कर दी जाएगी। इससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया था।
ये भी पढ़ें-
Rewa News: बरगी हादसे के बाद भी लापरवाही! टमस नदी में बिना लाइफ जैकेट चल रहीं नावें, रोज खतरे में लोग
घेराबंदी कर अपहृतों को छुड़ाया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इंदौर में संदिग्ध ठिकाने की घेराबंदी की और योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर आरोपियों को भागने का मौका नहीं दिया और दोनों अपहृतों बगदिया पिता बोंदर और मुकेश पिता बगदिया निवासी किलोदा-पी को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
पांच आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि युवक और युवती 18 अप्रैल को घर से भागे थे और बाद में दोनों ने विवाह कर लिया था। पुलिस ने दोनों के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गणेश पिता हरनाथ निवासी पलासी, मुकेश पिता जगदीश निवासी पलासी, रामविलास पिता हरनाथ निवासी किलोदा-पी, राजपाल पिता राजू निवासी पिपल्या नानकार और राजा पिता गंगाधर निवासी संदलपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल कार और हथियार भी जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।