घटना स्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : शराब की दुकान में तोड़फोड़ करने वाली महिलाओं से बात करती पुलिस
रतलाम जिले के ग्राम खेरियापाड़ा में एक महिला के घर से बगैर बताए जाने के विवाद में उसके पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। मृतक के माता-पिता बीचबचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इससे वे दोनों घायल हो गए। घायल माता-पिता का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं आरोपियों ने युवक के घर तोड़फोड़ कर आग भी लगा दी।
पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय एक विवाहिता 4 जून 2026 को घर पर बताए बगैर कहीं चली गई थी। परिजन ने खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिली तो 6 जून को शिवगढ़ थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि महिला 18 वर्षीय ओमप्रकाश पिता रमेश मईड़ा निवासी ग्राम खेरियापाड़ा के साथ गई थी। इस बात को लेकर महिला के पति व उसके साथियों में आक्रोश था। उन्हें शंका थी कि ओमप्रकाश उसके चचेरे भाई मानसिंह पिता ओंकार मईड़ा के घर छिपा हो सकता है। इस पर मुख्य आरोपी जयसिंह पिता कैलाश मईड़ा अपने साथियों के साथ 9 व 10 जून की दरमियानी रात करीब 11 बजे मानसिंह के घर पहुंचे। मानसिंह घर के बाहर पलंग पर सोया हुआ था। आरोपियों ने उससे विवाद किया और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें-
पत्नी का अवैध संबंध और खाना भी नहीं देती, पड़ोसियों के सामने मजाक उड़ाती है; कहकर दी थी जान, अब FIR
मानसिंह के पिता ओंकार व मां मांगूबाई बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की और घर में तोड़फोड़ कर आग लगाकर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हमले में घायल मानसिंह तथा उसके माता-पिता को मेडिकल भिजवाया, जहां मानसिंह की मौत हो गई। उसके माता-पिता का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जय सिंह सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हमले में घायल मां
हमले में घायल पिता
हमले में मानसिंह की मौत हो गई।