सार
रतलाम के नामली में महू-नीमच हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय सुगनाबाई और उसके एक माह के बेटे हर्षित की मौत हो गई। पति अनिल गंभीर घायल है, जबकि चार वर्षीय बेटी को मामूली चोट आई। ट्रॉला चालक फरार है।
महू-नीमच हाईवे पर नामली कृषि उपज मंडी के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय महिला सुगनाबाई और उसके एक माह के बेटे हर्षित की मौत हो गई, जबकि महिला का पति अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उनकी चार वर्षीय बेटी अर्चना को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मंदसौर जिले के दलोदा के पास स्थित ग्राम लामगरी निवासी 25 वर्षीय अनिल 25 अक्टूबर को रतलाम जिले के ग्राम बड़ौदा स्थित अपनी ससुराल आया था। सोमवार, 26 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने एक माह के बेटे का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए ससुर की बाइक से पत्नी सुगनाबाई, बेटी अर्चना और बेटे हर्षित के साथ नामली जा रहा था।
ये भी पढ़ें-
गुना में फायरिंग: 500 बीघा जमीन के बंटवारे ने लिया खूनी मोड़, गोली लगने से भाजपा नेता के छोटे भाई की मौत
बाइक पर चार वर्षीय अर्चना आगे बैठी थी, जबकि सुगनाबाई अपने एक माह के बेटे को गोद में लेकर पीछे बैठी थी। जब वे नामली कृषि उपज मंडी के पास पहुंचे, तभी मंदसौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही परिवार के सभी सदस्य सड़क पर गिर गए।
मौके पर महिला की मौत, अस्पताल में दम तोड़ा मासूम ने
हादसे में सुगनाबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल और उसका बेटा हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटी अर्चना को मामूली चोट आई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नामली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों सहित महिला को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान एक माह के हर्षित ने भी दम तोड़ दिया।
ट्रॉला लेकर फरार हुआ चालक
नामली थाने के एसआई केके पटेल के मुताबिक, बाइक को ट्रॉले से टक्कर मारने की सूचना मिली थी। हादसे के बाद चालक ट्रॉला लेकर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवे पर काफी दूर तक उसकी तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस आरोपी चालक और ट्रॉले की तलाश कर रही है।