मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के धरोला गांव में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया जब एक पिता ने पानी देने की बात पर झगड़े के दौरान अपने 24 वर्षीय बेटे समरथ की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरोला में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता गोवर्धन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में आलोट थाने पहुंचे और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन
पानी देने की बात पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात ग्राम धरोला निवासी 24 वर्षीय समरथ अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान घर के अंदर उसके माता-पिता के बीच पानी देने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। जब समरथ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके पिता गोवर्धन ने गुस्से में आकर चाकू से बेटे के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल समरथ को तुरंत आलोट के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन आलोट थाने पहुंचे और आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने और उसका जुलूस निकालने की मांग करने लगे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने थाने के बाहर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर आलोट अनुभाग की एसडीओपी पल्लवी गोड मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि आरोपी गोवर्धन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया।