शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित अस्सी फीट रोड पर मंगलवार रात आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्रों और दो युवकों के बीच घूरने की बात को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार आयुर्वेदिक कॉलेज के कुछ छात्र अपनी एक महिला मित्र के साथ अस्सी फीट रोड स्थित एक नाश्ते की दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान दो अन्य युवक वहां आए। कुछ देर बाद छात्र पक्ष ने युवकों से पूछा कि वे उन्हें घूरकर क्यों देख रहे हैं। युवकों ने आरोप से इंकार किया, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
ये भी पढ़ें: Chhatarpur News: रेस्टोरेंट में नाबालिग के साथ मिला मुस्लिम युवक, आक्रोशित भीड़ ने अर्धनग्न कर निकाला जुलूस
बताया जा रहा है कि छात्रों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराया। एक पक्ष के पांच छात्रों और दूसरे पक्ष के दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। हालांकि थाने में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे लेकिन किसी ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने अभिषेक ठाकुर, कमलेश पाटिल, दीपक चौधरी, मयूर, तेजस परदेशी तथा जुगल परमार और हिमेश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।