रतलाम जिले में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बांसवाड़ा हाईवे पर अमरपुरा पुलिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार चला रहे दुकानदार गोपाल टांक की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। परिवार किसी कार्यक्रम से लौट रहा था।
रतलाम जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। बांसवाड़ा हाईवे पर ग्राम अमरपुरा की पुलिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार मनिहारी और कॉस्मेटिक दुकान संचालक की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, ग्राम सरवन निवासी 35 वर्षीय दुकानदार अपने परिवार के साथ ग्राम डेलनपुर क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे वे अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ कार से वापस सरवन लौट रहे थे। इसी दौरान बांसवाड़ा हाईवे पर सरवन से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम अमरपुरा की पुलिया के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पुलिया से करीब 100 फीट नीचे जा गिरी।
हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया और मेडिकल कॉलेज रतलाम भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने दुकानदार को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों का इलाज जारी है।
विज्ञापन
पुलिस ने शुरू की जांच
सोमवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद दोपहर में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने और पुलिया से नीचे गिरने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
रतलाम जिले में इससे एक दिन पहले भी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ था। रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीशंकर के पास एक कार का टायर फटने से वह स्कॉर्पियो वाहन से टकरा गई थी। इस हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि पति, बेटी और सास घायल हो गए थे। लगातार हो रहे हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।