सांदीपनि विद्यालय की प्रार्थना सभा में तीन छात्राएं बेहोश
- फोटो : अमर उजाला
रावटी स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान तीन छात्राओं की हालत अचानक बिगड़ गई। कक्षा छह, सात और आठ में पढ़ने वाली इन छात्राओं को चक्कर आने लगे और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। विद्यालय प्रशासन ने तीनों छात्राओं को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं।
ये सभी छात्राएं रावटी के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में निवास करती हैं। घटना के समय सुबह 10:30 बजे विद्यालय की प्रार्थना चल रही थी। छात्राओं के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही विद्यालय के प्राचार्य अमरसिंह भाभर और अन्य कर्मचारी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: भोपाल में जुटेंगे विपक्ष के दिग्गज: आगामी चुनावों से पहले भाजपा की घेराबंदी, कांग्रेस का क्या है सियासी गणित?
दो दिन में 12 छात्राएं अस्वस्थ
इस विद्यालय में पिछले दो दिनों के भीतर छात्राओं के बीमार होने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले गुरुवार को भी नौ छात्राओं का स्वास्थ्य खराब हुआ था, जिनमें से चार छात्राओं को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ा था। गुरुवार को छात्रावास में छात्राओं को नाश्ते में चना और मूंग दिया गया था, जबकि दोपहर के भोजन में गोभी, आलू और टमाटर की सब्जी परोसी गई थी। दो दिनों में कुल 12 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से छात्रावास और विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्रशासनिक जांच और स्थिति
तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर पीड़ित छात्राओं से बातचीत की और उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक चिकित्सीय जांच में छात्राएं शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ पाई गई हैं और खाद्य विषाक्तता का कोई लक्षण सामने नहीं आया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार छात्राएं किसी अज्ञात कारण से डरी और सहमी हुई प्रतीत हो रही हैं। प्रशासन ने विद्यालय पहुंचकर सहपाठियों और शिक्षकों के बयान दर्ज किए हैं। इसके साथ ही छात्रावास की खानपान व्यवस्था और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की भी गहन जांच की जा रही है।