नकली सोने-चांदी के आभूषणों को असली बताकर लोगों के साथ ठगी करने का प्रयास कर रहे एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 14 किलोग्राम नकली आभूषण, नौ चांदी के सिक्के, 30 हजार रुपये नकद और एक इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रविवार दोपहर पुराने कंट्रोल रूम में इस पूरे मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 16 अक्तूबर को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि हरियाणा के फरीदाबाद से आए कुछ महिला और पुरुष रतलाम शहर में नकली सोने-चांदी के जेवर बेचने की फिराक में हैं। यह सभी आरोपी पिछले 11 दिन से स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महावीर नगर में एक किराये का मकान लेकर रह रहे थे।
बर्तन व्यापारी की सतर्कता से पर्दाफाश
यह मामला तब सामने आया जब आरोपियों ने शहर के बर्तन व्यवसायी मुस्तफा तांबावाला की दुकान पर जाकर उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने व्यापारी को सोने का एक टुकड़ा दिखाया और उसे असली बताकर बेचने की कोशिश की। व्यापारी को जेवर की प्रामाणिकता और आरोपियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही माणकचौक थाना पुलिस की विशेष टीम ने सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके मौके से तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें-
ग्वालियर हादसे की रुला देने वाली कथाएं: भाई को बचाने आठ किलोमीटर दौड़ा युवक, क्रेन लाया पर नहीं बची जान
गिरोह के आरोपियों की पहचान और रिमांड
पकड़े गए पुरुष आरोपियों की पहचान सागर (29 वर्ष) पुत्र गणेश राठौर, गणेश (55 वर्ष) पुत्र गंगाराम राठौर दोनों निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) तथा मानसिंह (36 वर्ष) पुत्र वीरचंद राय निवासी बदालीखेड़ा, एमजेएसएस पब्लिक स्कूल के पास, कानपुर रोड, सरोजनी नगर थाना, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन तीनों पुरुषों के साथ तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीनों महिला आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि तीनों पुरुष आरोपियों को पूछताछ के लिए एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
आभूषणों की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.800 किलोग्राम वजन के नकली सोने के आभूषण तथा मूर्ति, 2.200 किलोग्राम वजन के नकली चांदी के आभूषण और 400 ग्राम वजन के नौ चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। साथ ही, 30 हजार रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया है। आरोपियों से पूछताछ में उत्तर प्रदेश और बिहार में ठगी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी मिली है। इन मामलों की पुष्टि और अन्य वारदात का पता लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल में सीआईडी को भी जानकारी भेजी जा रही है।
मकान के मालिक से भी पूछताछ
पुलिस महावीर नगर स्थित किराये के मकान के मालिक से भी पूछताछ करेगी और संलिप्तता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि वे सोना-चांदी खरीदते समय प्रामाणिकता की जांच करें। यदि कोई अनजान व्यक्ति असामान्य रूप से कम कीमत पर सोना-चांदी बेचने की पेशकश करे तो सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदात की जानकारी जुटा रही है।