भाई पर लगे अपहरण और मारपीट के आरोपों पर आज रामदेव ने इंदौर में सफाई देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
भाई पर लगे आरोपों पर बोलते रामदेव ने कहा कि ये उन्हें फंसाने के लिए कांग्रेस की साजिश है। रामदेव ने कहा कि कांग्रेस ने नीचता की सारी हदें पार कर दी हैं।
रामदेव ने इस पूरे मामले में बताया कि जिस लड़के को लेकर उनके भाई पर अपहरण और मारपीट के आरोप लगे हैं उस पर खुद 30-40 लाख की चोरी का आरोप है।
पुलिस ने खुद उस आरोपी लड़के को फैक्ट्री से पकड़ा है। अब उल्टे पुलिस उनके भाई पर अपहरण और मारपीट का आरोप लगा रही है।
योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार पक्की है। बाबा रामदेव ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक परिवार ने पूरे हिंदुस्तान को बंधक बना लिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उन्हें हत्या, ड्रग्स और सेक्स रैकेट जैसे मामलों में फंसाने का प्रयास कर सकती है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की महापराजय होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस घबराहट में उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पतंजलि योग पीठ में ड्रग्स, सेक्स रैकेट चलाने वाले लोगों के माध्यम से अथवा किसी प्रोफेशनल हत्यारे के माध्यम से उन्हें रोकना चाहता है।
बाबा रामदेव ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में एक खानदान ने पूरे हिंदुस्तान को बंधक बना लिया है।
यह लोकतंत्र का मजाक है। राजनीति में गिरावट हो रही है, यह देश का दुर्भाग्य है। बाबा रामदेव जैसे ही प्रेस क्लब से बाहर निकले उन्हें 10 से 15 युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और उनके विरोध में नारे लगाये, जिसे रोकने का प्रयास रामदेव समर्थकों ने किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है।
नितिन के पिता ने की थी शिकायत
पुलिस ने कल रामदेव की पतंजलि योगपीठ पर छापा मारकर कथित रूप से बंधक बनाए एक कर्मचारी को बरामद करने का दावा किया था।
मुजफ्फरनगर के रई गांव के निवासी नितिन त्यागी के पिता ने पुलिस में अपने पुत्र को बंधक बनाने की शिकायत की थी। पुलिस ने रामदेव के भाई रामभरथ और नरेश मलिक नाम के शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।