राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित थावरिया मोहल्ले में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुबह होते ही महिलाएं समूह बनाकर सीधे शराब दुकान पर पहुंचीं और विरोध स्वरूप दुकान पर ताला जड़ दिया। इसके बाद वे दुकान के बाहर ही धरने पर बैठ गईं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि जिस स्थान पर यह शराब दुकान संचालित हो रही है, वह अत्यंत संवेदनशील इलाका है। दुकान के ठीक पास एक आंगनवाड़ी केंद्र संचालित होता है, जहां रोजाना गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे और उनके परिजन आते-जाते हैं। इसके अलावा, नजदीक ही एक सरकारी अस्पताल और एक प्राचीन मंदिर भी स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में शराब दुकान का वहां होना न केवल सामाजिक रूप से अनुचित है, बल्कि इससे क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में देर रात क्लब के बाहर युवतियों के बीच जमकर मारपीट, बीच सड़क होता रहा हंगामा
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान के आसपास अक्सर नशे में लोग इकट्ठा होकर बैठे रहते हैं। ये लोग आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों को घूरते हैं, फब्तियां कसते हैं और कई बार अभद्र व्यवहार भी करते हैं। इससे महिलाओं में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शाम के समय तो हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं, जब शराब के नशे में धुत लोग रास्तों पर उत्पात मचाते हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब उन्होंने इस समस्या को उठाया हो। पिछले करीब तीन वर्षों से मोहल्ले के लोग लगातार इस शराब दुकान को हटाने की मांग कर रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते अब लोगों का सब्र जवाब दे चुका है और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताने का फैसला लिया।
इसी बीच, वार्ड के कुछ पुरुष निवासी शराब ठेकेदार के घर भी पहुंचे और उनसे सीधे बातचीत कर दुकान हटाने की मांग रखी। इस दौरान ठेकेदार ने उन्हें आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर दुकान को वर्तमान स्थान से हटा दिया जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों ने इस आश्वासन पर पूरी तरह भरोसा जताने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक दुकान वास्तव में नहीं हटती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। धरने पर बैठीं महिलाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शराब की दुकान को नहीं हटाया गया, तो वे अपना आंदोलन और उग्र करेंगी। जरूरत पड़ी तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक हलचल बनी रही।
शराब की दुकान में महिलाओं ने जड़ा ताला