रसोई में गैस सिलिंडर फटने से बुजुर्ग की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले के ब्यावरा शहर में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शहर के राजगढ़ बायपास स्थित शिवधाम कॉलोनी में सुबह करीब 5 बजे एक मकान के रसोईघर में रखे गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई और फिर जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में सो रहे लोग भी घबराकर बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुरेंद्रसिंह भल्ला (60 वर्ष) के घर में हुआ। घटना के समय वे अपनी पत्नी पद्मा भल्ला के साथ घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि रसोईघर में रखे एलपीजी गैस सिलिंडर में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और आग की लपटों ने पूरे किचन को अपनी चपेट में ले लिया।
ये भी पढ़ें: MP: शराब ठेकेदार के कर्मचारियों पर मारपीट व तलवारबाजी और फायरिंग करने का आरोप; चक्काजाम से बिगड़े हालात
हादसे में सुरेंद्रसिंह और उनकी पत्नी पद्मा भल्ला गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा दोनों घायलों को आनन-फानन में सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रैफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में नरसिंहगढ़ के पास पहुंचते ही सुरेंद्रसिंह भल्ला ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी पद्मा भल्ला की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के समय दंपत्ति घर में अकेले थे, जिससे समय पर मदद मिलने में थोड़ी देरी भी हुई। जानकारी के मुताबिक घर में पीएनजी कनेक्शन के साथ-साथ एलपीजी सिलिंडर भी मौजूद था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को सिविल अस्पताल ब्यावरा में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है, ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके।