परिजन और महिला डॉक्टर के बीच विवाद
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ के ब्यावरा सिविल अस्पताल में घोर अव्यवस्थाओं के चलते डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है। ऐसा ही एक मामला गत दिनों सामने आया, जहां डिलीवरी के लिए सिविल हॉस्पिटल ब्यावरा में आई महिला के परिजनों का डॉक्टर मोनिका जैन के साथ हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में डॉक्टर मोनिका जैन, स्टाफ एवं प्रसूता के परिजनों के बीच जमकर झूमा-झटकी व अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी जांच के लिए एसडीएम मोहिनी शर्मा, सीएमएचओ किरण वाडिया व तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचे। घटना का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया और जांच के उपरांत दोषियों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। साथ ही सिविल अस्पताल में व्याप्त घोर अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 17 टाल मोहल्ला निवासी श्रीमती कुशवाह को उसके परिजन डिलीवरी के लिए सिविल अस्पताल में लेकर आए थे। जहां डॉक्टर मोनिका जैन ने हजारों रुपये की विभिन्न जांच कराते हुए नॉर्मल डिलीवरी का वादा किया। लेकिन ऐन वक्त पर न तो नॉर्मल डिलीवरी की और न ही सीजर ऑपरेशन किया। बल्कि प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाने की सलाह दी गई, जिसको लेकर परिजन भड़क गए और दोनों पक्षों की ओर से वीडियो बनाए जाने लगा, जिसको लेकर झूमा-झटकी और अभद्र व्यवहार हुआ। अंततः रात करीब एक बजे परिजनों द्वारा अपने मरीज को एक निजी अस्पताल में ले जाकर डिलीवरी करानी पड़ी।
वहीं, लोगों का कहना है कि न सरकार बदली न सिविल अस्पताल की घोर अव्यवस्थाएं। क्या मरीजों को इसी प्रकार परेशान होकर इधर-उधर भटकना पड़ेगा। फिलहाल, फरियादी डॉक्टर मोहिनी जैन की रिपोर्ट पर देहात पुलिस थाना ब्यावरा ने आरोपी विष्णु कुशवाह, मोनू कुशवाह सहित अन्य साथियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने व जान से मारने की धमकी देने पर धारा-353, 323, 186, 506, 34 भादवी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में ले लिया है।