शुक्रवार अलसुबह राजगढ़ जिले में भोपाल बायपास पर दर्दनाक सड़क हादसे में कानपुर से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस ट्राएंगल ओवरब्रिज पर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस ब्रिज की दीवार से रगड़ खाती हुई तिरछी हो गई। हादसे में कई यात्री बस से उछलकर नीचे जा गिरे और पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें पांच गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र में बने ट्रायंगल ओवरब्रिज पर सुबह सात बजे हुआ। कानपुर से इंदौर जा रही स्लीपर बस तेज रफ्तार में बायपास से गुजर रही थी। हादसे के समय बस में अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरब्रिज पर तेज मोड़ होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस अचानक ब्रिज की रेलिंग से टकराकर तिरछी हो गई और काफी दूर तक रगड़ाती चली गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री खिड़कियों से उछलकर सीधे ब्रिज से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हताहतों को ब्यावरा सिविल अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायलों को भोपाल रेफर किया गया।
ये भी पढ़ें: राखी पर घर नहीं गए शिक्षक अभ्यर्थी: नीलम पार्क में मंत्री की देख रहे राह, अभ्यर्थी बोलीं-रोजगार का शगुन चाहिए
मृतकों में बंगलुरू के पुलिस इंस्पेक्टर भी शामिल
राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बताया कि पांच मृतकों में एक पुलिसकर्मी है। 12 घायलों में दो महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारण बस के कांच फूट गए थे, इस कारण स्लीपर बस में उपर सो रहे यात्री बस से नीचे जा गिरे। मृतकों में बंगलुरू के इंस्पेक्टर केपी (45), यूपी के फतेहपुर के बस चालक विकास शुक्ला (29), बिहार के गोपालगंज के बेलाल अली (23), यूपी के सीतापुर के गुड्डू कुशवाह और विजयवाड़ा के ज्योतिरादित्य सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संभवत: बस की तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ।
घुमावदार है ब्रिज
बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी है। इधर हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बायपास पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। प्रारंभिक जांच में इस घुमावदार ब्रिज के खतरनाक डिजाइन को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंभीर घायलों को भोपाल रैफर कर दिया गया है ।