सत्ता का संग्राम में महिलाओं ने रखी अपनी बात
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ लोकसभा सीट से मैदानी मुकाबले की यदि हम बात करें तो ये प्रदेश की सबसे चर्चित सीट है और यह कांग्रेस और भाजपा में सीधी टक्कर है। जहां भाजपा ने अपने दो बार के सांसद रोडमल नागर को तीसरी मर्तबा मौका दिया है। इसके पूर्व में वे कांग्रेस के नारायण सिंह आमलाबे और तत्कालीन लोकसभा प्रत्याशी मोना सुस्तानी को हरा चुके हैं। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है और प्रभाव की यदि बात की जाए तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस सीट से पूर्व में दो बार सांसद रह चुके हैं और तभी से ये उनका गढ़ माना जाता है। लेकिन वहीं दूसरी ओर रोडमल नागर पीएम मोदी के इंपैक्ट के कारण राजगढ़ से दो बार के सांसद हैं। ऐसे में इस बार भी मोदी इंपैक्ट और राम मंदिर के मुद्दे को लेकर दिग्विजय सिंह के द्वारा की गई बयानबाजी कहीं न कहीं परिणामों पर असर डाल सकती है।
क्या बोली महिलाएं
एक महिला ने अपनी बात रखते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में महिलाओं के मुद्दे अहम है। वहीं एक युवती ने अपनी बात रखते हुए कहा कि एक मुद्दे को लेकर हम वोट नहीं दे सकते, उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी हमारे लिए सोचती है, हमारे मुद्दों के बारे में सोचती है हमें उनको वोट करना चाहिए।
इसी तरह एक और महिला ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जो देश का अच्छे से विकास करे हम उनको वोट करेंगे। वहीं एक और युवती ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हम यहां के लोकल है, इसलिए लोकल व्यक्ति को ही वोट देंगे, क्योंकि वो हमारी समस्मयाओं को सुनेगा। लेकिन हां यहां रोजगार के मुद्दे अहम है और महिला सुरक्षा पर बात होनी चाहिए।
हर दिन जानेंगे नई लोकसभा सीट का मिजाज
चुनावी यात्रा के दौरान अमर उजाला का यह चुनावी रथ हर रोज नई लोकसभा सीट पर जाएगा। इस दौरान उस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से चाय पर चर्चा होगी। अनौपचारिक बातचीत में जनता के मुद्दों, उनकी समस्याओं पर चर्चा होगी। हम युवाओं के बीच जाएंगे, जहां उनकी समस्याओं और उम्मीदों पर चर्चा करेंगे। नए भारत के नए मतदाताओं की सपनों की उड़ान को पंख कैसे लगेंगे, इस पर भी चर्चा करेंगे।
इस विशेष कवरेज को आप यहां देख सकेंगे
amarujala.com, अमर उजाला के यूट्यूब चैनल और फेसबुक चैनल पर आप 'सत्ता का संग्राम' से जुड़े कार्यक्रम लाइव देख सकेंगे। 'सता का संग्राम' से जुड़ा व्यापक जमीनी कवरेज आप अमर उजाला अखबार में भी पढ़ सकेंगे।