परसपुरा गांव में समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण एक गर्भवती महिला को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजन महिला को किराए की कार में खिलचीपुर अस्पताल ले जा रहे थे, तभी अस्पताल से महज एक किलोमीटर पहले झालावाड़ नाके के पास कार में ही बच्ची का जन्म हो गया। बाद में परिजन मां और नवजात बच्ची को लेकर खिलचीपुर अस्पताल पहुंचे। बच्ची की हालत कमजोर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल राजगढ़ रेफर कर दिया।
रातभर करते रहे एंबुलेंस का इंतजार
परसपुरा गांव खिलचीपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित है। गांव की रहने वाली 21 वर्षीया विष्णु बाई तंवर को रात अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। उनके 22 वर्षीय पति मुकेश तंवर और परिजन ने तुरंत एंबुलेंस सेवा के लिए फोन किया। हालांकि परिजन के अनुसार उस समय उन्हें बताया गया कि एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। इसके चलते परिजन ने पूरी रात गांव में ही बिताई और महिला प्रसव पीड़ा से तड़पती रही।
ये भी पढ़ें: खरगोन: अलीगढ़ से हथियार खरीदने आया युवक गोगांवा पुलिस के शिकंजे में, बैग से मिली 10 अवैध पिस्टल
रास्ते में बच्ची का जन्म
अगले दिन सुबह परिजन ने एक बार फिर एंबुलेंस के लिए फोन किया। इस बार उन्हें जानकारी दी गई कि एंबुलेंस को राजगढ़ से आने में समय लगेगा। महिला की पीड़ा लगातार बढ़ती देख परिजन ने बिना देर किए किराए की कार बुलाई और वे खिलचीपुर अस्पताल के लिए रवाना हो गए लेकिन रास्ते में झालावाड़ नाके के पास महिला ने कार के भीतर ही बच्ची को जन्म दे दिया। इसके बाद परिजन मां और नवजात को खिलचीपुर के सिविल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उपचार किया लेकिन बच्ची की स्थिति कमजोर देखकर चिकित्सकों ने मां और बेटी दोनों को जिला अस्पताल राजगढ़ भेज दिया गया।