मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के बैंकों में इन दिनों लाडली बहना योजना की राशि निकालने के लिए महिलाओं की होड़ लगी हुई है। बड़ी संख्या में महिलाएं बैंक में सीएम शिवराज द्वारा खातों में डाली गई राशि को निकालने के लिए पहुंच रही है। दरअसल इन दिनों जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक अफवाह जमकर फैली है, जिसके अनुसार मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत खातों में डाली गई राशि वापस ली जा रही है। इस अफवाह के फैलने के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं बैक और कियोस्क सेंटर पहुंच रही हैं और पैसे निकाल रही हैं।
राजगढ़ जिला मुख्यालय की बात करें तो शहर के मुख़्य बाजार में संचालित होने वाले बैंक ऑफ इंडिया व एसबीआई के कियोस्क सेंटर पर महिलाओं व ग्रामीणों की भीड़ अधिक संख्या में देखी जा रही है। कई बार तो हालात यह भी होते हैं कि,अवागमन भी प्रभावित होने लगता है। राजगढ़ शहर में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करने वाले विनोद शर्मा का कहना है कि लगभग 50 से 100 महिलाएं उनके पास अपने खाते से सिंर्फ़ इसलिए रुपये निकलवाने के लिए आ रही हैं कि कहीं उनके पैसे वापस न चले जाए, जिसके कारण उन्हें भी अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
एक और जहां पूर्व में योजना के तहत फॉर्म भरवाने, ईकेवायसी व बैंकों में DBT करवाने के लिए महिलाओं की भीड़ बैंक व कियोस्क सेंटर पर लगी थी, वैसे ही हाल अब योजना के पैसे महिलाओं के खातों में आने के बाद देखने को मिल रहे हैं, लेकिन यह भी सोचने वाली बात है कि, जो महिलाएं इस अफवाह में बैंक में पैसे निकालने के लिए पहुंच रही हैं और जिनके खातों में एक हज़ार से अधिक की राशि है, वे ये अंदाजा कैसे लगाएंगी की जो राशि वो निकाल रही हैं वही मुख्यमंत्री शिवराज के द्वारा उनके खातों में डाली गई है।
जिला कार्यक्रम एवं महिला बाल विकास अधिकारी सुनीता यादव ने बताया कि महिलाएं इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें यदि शासन ने किसी योजना के तहत आपके खाते में राशि डाली है, तो उसे किसी भी तरह से वापस नहीं लिया जाएगा और न ही किसी भी तरह की राशि काटी जाएगी। महिलाओं का पैसा बैंक में सुरक्षित है। आप चाहे तो जमा रख सकती हैं या निकाल सकती है, जिन महिलाओं के खातों से राशि कटी भी है वे पहले यह चेक करें कि उनके खाते में बैंक की शर्तों के अनुसार राशि उपलब्ध है या नहीं और कोई लोन वगेराह तो नहीं है, जिसके कारण उनकी राशि कटी होगी, अन्यथा शासन के द्वारा दी गई राशि पूर्ण रूप से महिलाओं के खातों सुरक्षित है।
वहीं बैंक ऑफ इंडिया के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर नंदकिशोर पाटीदार ने बताया कि बैंक में राशि आने के बाद वापस नहीं ली जाती और रहा सवाल खाते से राशि कटने का, जिनके जनधन योजना के तहत खुले हुए खाते हैं उनमें मिनिमम अमाउंट रखने की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन जिनके सामान्य खाते होते हैं, उनमें हर एक बैंक का अलग-अलग प्रावधान है कि उनके खातों में कम से कम कितनी राशि रखना जरूरी है, यदि वह पूरी नहीं होती तो उनका सिस्टम ऑटो कैलकुलेट करके जब भी खाते में राशि आती है तो खातों से राशि आहरण कर लेता है, बाकी बैंक में सभी का पैसा सुरक्षित है, जो कि सम्बन्धित खाता धारक की बगैर सहमति के नहीं निकाला जा सकता।