राजगढ़ में गुरुवार को हुए एक घटनाक्रम ने जिलेवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। ऐसा इसलिए क्योंकि जिले के आखिरी हिस्से और राजस्थान सीमा के करीब भोजपुर थाना क्षेत्र के सेमली गांव में एक प्रेमी जोड़े ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक लड़की नाबालिग बताई जा रही है।
भोजपुर पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पीएम के लिए खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया। जंहा उनका पीएम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किए गए और परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सेमली गांव का रहने वाला मृतक बीरम गांव की ही रहने वाली एक नाबालिग लड़की से प्रेम करता था। कुछ दिनों पहले ही बीरम का अन्य जगह लगन हुआ था और उसकी दूसरी जगह शादी होने वाली थी।
इसकी तैयारियां परिवार में जोर-शोर से चल रही थी, लेकिन बीरम के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। क्योंकि प्रेमी-प्रेमिका के रिश्ते से उनके घर वाले भी खुश नहीं थे, और उन दोनों के परिवार वालों ने दोनों के ही अलग-अलग-जगह रिश्ते तय कर दिए, जो कि प्रेमी और प्रेमिका को नागवार गुजरा। उन्होंने गांव में स्थित जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।