फूल लेने के लिए खेत की ओर गए चाचा-भतीजे के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने खोजबीन की तो दोनों के शव गांव के पास नदी किनारे एक खेत में मिले। परिजनों ने खेत में लगे तारों में करंट होने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है।
मामला सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के बेरखेड़ी राजाराम गांव का है। गांव निवासी अशोक अहिरवार (45) मंगलवार दोपहर अपने 16 वर्षीय भतीजे संजय अहिरवार के साथ फूल लेने के लिए खेत की ओर गए थे। देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की तथा दोनों के मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस टीम नदी किनारे ग्राम चौकीदार नर्मदा चढ़ार के खेत में पहुंची, जहां दोनों के शव मिले।
ये भी पढ़ें: एमपी: चित्रकूट में चाय-नाश्ते की दुकान पर दिनदहाड़े मारपीट, पुरानी रंजिश में हमला; 6 आरोपी गिरफ्तार
शव मिलने के बाद घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों के मुताबिक अशोक के हाथ में तार लिपटा हुआ मिला था। परिवार का कहना है कि खेत में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तार लगाए गए थे। उन्हें आशंका है कि तारों में विद्युत प्रवाह होने के कारण दोनों हादसे का शिकार हुए होंगे। हालांकि पुलिस ने फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, शवों की स्थिति और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुल्तानगंज तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला ने भी मामले की जानकारी ली और मृतकों के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर उनके बयान दर्ज किए। तहसीलदार ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुल्तानगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।