देर रात नशे में युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा
- फोटो : सोशल मीडिया
शहर के महामाया चौक पर देर रात नशे की हालत में एक युवती ने भारी हंगामा किया। मोबाइल फोन गुम हो जाने से परेशान युवती सड़क पर लेटकर राहगीरों और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवती का गुम हुआ मोबाइल फोन ढूंढकर उसे वापस लौटाया और आवश्यक समझाइश देकर भोपाल के लिए रवाना किया।
घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग दो से तीन बजे के बीच की है। नशे की हालत में अत्यधिक बेसुध होने के कारण युवती बीच सड़क पर कभी बैठ जाती तो कभी लेट जाती थी। युवती की स्थिति इतनी खराब थी कि वह सड़क पर गिरने के बाद स्वयं खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। वहां मौजूद लोगों ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे उठाकर सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर बैठाया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवती का हंगामा लगातार जारी रहा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
ये भी पढ़ें: MP: भोपाल में ई-लाइब्रेरी शुरू होने से पहले ही चोरी, कंप्यूटर समेत सामान गायब; सीसीटीवी से खुलेगा राज
कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि युवती का मोबाइल फोन कहीं गिर गया था। अपना फोन खो जाने के कारण वह काफी परेशान थी और इसी वजह से सड़क पर हंगामा कर रही थी। पुलिसकर्मियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की और युवती का गुम हुआ मोबाइल फोन खोज निकाला। पुलिस ने मोबाइल फोन युवती को सौंप दिया और उसे समझाइश दी। इसके बाद युवती भोपाल जाने के लिए रवाना हो गई।